प्रदर्शनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों ने ‘काम रोको’ अभियान पर फैसले के लिए बैठक की

प्रदर्शनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों ने ‘काम रोको’ अभियान पर फैसले के लिए बैठक की

प्रदर्शनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों ने ‘काम रोको’ अभियान पर फैसले के लिए बैठक की
Modified Date: September 17, 2024 / 08:59 pm IST
Published Date: September 17, 2024 8:59 pm IST

कोलकाता, 17 सितंबर (भाषा) आरजी कर अस्पताल में महिला चिकित्सक के बलात्कार-हत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर अपने विरोध प्रदर्शन पर फैसले के लिए पश्चिम बंगाल में आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों ने मंगलवार शाम को बैठक की।

पिछले महीने आरजी कर अस्पताल में महिला चिकित्सक के बलात्कार-हत्या मामले में कनिष्ठ चिकित्सकों ने ‘काम रोको’ प्रदर्शन शुरू किया था। प्रदर्शनकारी चिकित्सकों में से एक ने बताया कि चिकित्सकों की शासी निकाय की बैठक शाम करीब 6.30 बजे शुरू हुई जो अभी भी जारी है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम यह बैठक यह निर्णय लेने के लिए कर रहे हैं कि क्या हमें अपना काम रोको अभियान जारी रखना चाहिए, क्योंकि राज्य सरकार ने हमारी कुछ मांगें पूरी कर दी हैं।’’

चिकित्सकों ने बताया कि यह निर्णय उनकी वकील इंदिरा जयसिंह की सलाह पर भी निर्भर करेगा।

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी मनोज कुमार वर्मा को मंगलवार को विनीत गोयल के स्थान पर कोलकाता का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया। इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आंदोलनकारी चिकित्सकों के साथ बैठक की थी और उनकी मांगों पर सहमति जताई थी। आरजी कर अस्पताल की घटना पर एक महीने से अधिक समय से जारी गतिरोध को हल करने के उद्देश्य से यह बैठक हुई थी।

चिकित्सक नौ अगस्त से ही ‘काम रोको’ प्रदर्शन कर रहे हैं, जब महिला चिकित्सक का शव अस्पताल के सेमिनार हॉल में बरामद किया गया था।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में