पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने बेअदबी विरोधी कानून लागू होने के बाद ‘शुक्राना यात्रा’ शुरू की
पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने बेअदबी विरोधी कानून लागू होने के बाद 'शुक्राना यात्रा' शुरू की
श्री आंनदपुर साहिब, छह मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को बेअदबी विरोधी कानून लागू होने के बाद चार दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ शुरू की।
श्री आनंदपुर साहिब में तख्त श्री केसगढ़ साहिब में मत्था टेकने के बाद वह धार्मिक उत्साह के साथ ‘शुक्राना यात्रा’ पर निकले।
मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ, मान ने कहा कि यह यात्रा ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम 2026 को लागू करके मानवता की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए सर्वशक्तिमान ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने’ के लिए की जा रही है, जो ‘बेअदबी’ (अपवित्रता) के मामलों में कठोर दंड का प्रावधान करता है।
पंजाब सरकार ने पिछले महीने गुरु ग्रंथ साहिब के अपमान के खिलाफ कानून ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026’ को अधिसूचित किया, जिसमें सिखों के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब के अपमान के किसी भी कृत्य के लिए आजीवन कारावास और 25 लाख रुपये तक के जुर्माने सहित कठोर दंड का प्रस्ताव है।
आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने 13 अप्रैल को विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया था ताकि ‘बेअदबी’ (अपवित्रता) की घटनाओं को रोकने और गुरु ग्रंथ साहिब की पवित्रता को बनाए रखने के लिए जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार अधिनियम, 2008 में संशोधन किया जा सके।
यह विधेयक पंजाब विधानसभा ने 13 अप्रैल को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
मान ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘खालसा पंथ की स्थापना स्थली से ‘शुक्राना यात्रा’ (श्री आनंदपुर साहिब से) शुरू हो गई है। ‘बेअदबी’ को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की जिम्मेदारी सौंपने के लिए गुरु साहब के चरणों में कृतज्ञता अर्पित की जा रही है। पंजाब में शांति और ‘सरबत दा भला’ के लिए प्रार्थनाएं जारी रहेंगी।’
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


