पंजाब: होशियारपुर में ट्रक ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, सात बच्चों समेत आठ घायल
पंजाब: होशियारपुर में ट्रक ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, सात बच्चों समेत आठ घायल
होशियारपुर (पंजाब), 22 मई (भाषा) पंजाब के होशियारपुर जिले में शुक्रवार को एक टिप्पर ट्रक और स्कूल वैन के बीच हुई टक्कर में सात बच्चों सहित आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब एक बजे दोसरका-शाम चौरासी मार्ग पर कडियाना गांव के पास हुआ। चक्कोवाल ब्राह्मणा स्थित सन वैली इंटरनेशनल स्कूल की एक वैन करीब 10 बच्चों को लेकर शाम चौरासी की ओर जा रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक टिप्पर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार होने के कारण टिप्पर सड़क से नीचे उतर गया और पास के खेतों में जाकर रुक गया।
उसने बताया कि वैन कडियाना गांव का निवासी कुलवंत सिंह (42) चला रहा था, जो इस हादसे में घायल हो गया है।
शुरुआत में सभी घायल स्कूली बच्चों और चालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), शाम चौरासी में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चार बच्चों (जिनकी उम्र 4 से 13 वर्ष के बीच है) और चालक को बाद में होशियारपुर के सरकारी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
मामूली रूप से घायल तीन अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पंजाब के मंत्री रवजोत सिंह ने भी स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर घायल छात्रों का हालचाल जाना।
बुल्लोवाल थाना प्रभारी (एसएचओ) उप-निरीक्षक परविंदरजीत सिंह ने बताया कि कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।
बाद में, स्थानीय निवासियों और भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के कार्यकर्ताओं ने दुर्घटनास्थल के पास दोसरका-शाम चौरासी मार्ग पर जाम लगा दिया और करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने इस मार्ग पर टिप्परों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
पुलिस द्वारा उच्च अधिकारियों से इस मुद्दे पर चर्चा करने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
भाषा सुमित रंजन
रंजन

Facebook


