पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना शुरू की

पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना शुरू की

पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना शुरू की
Modified Date: July 1, 2026 / 06:12 pm IST
Published Date: July 1, 2026 6:12 pm IST

धुरी, एक जुलाई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने महिलाओं के लिए उनकी सरकार की मासिक वित्तीय सहायता योजना ‘मावां धियां सत्कार योजना’ की बुधवार को शुरुआत की।

इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिये जायेंगे जबकि अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह मिलेंगे।

मान ने महिलाओं की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की जायेगी।

सभा में मौजूद कुछ महिलाओं ने कहा कि उन्हें अपने बैंक खातों में पैसे जमा होने के संदेश प्राप्त हुए।

मान ने इस योजना को लेकर उनकी सरकार पर निशाना साधने के लिए विपक्षी दलों की आलोचना की और कहा कि अब ‘मावां धियां सत्कार योजना’ के लागू होने के बाद उनके मुंह बंद हो जाएंगे।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा भी मौजूद थे।

प्रत्येक महिला को 1,000 रुपये की मासिक सहायता देना सत्तारूढ़ पार्टी का 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले का एक प्रमुख चुनावी वादा था।

योजना की शुरुआत के बाद सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता से किये गये हर वादे का सम्मान करती है।

अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए 4,500 रुपये और सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 3,000 रुपये की पहली किस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की गई।

मान ने मंगलवार को कहा था कि 40 लाख से अधिक महिलाओं का पहले ही पंजीकरण किया जा चुका है और पंजीकरण कार्ड बाद में दिए जाने पर भी लाभ मिलने एक जुलाई से शुरू हो जायेंगे।

राज्य सरकार ने इस योजना के लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

अठारह वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं, जो पंजाब में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं और जिनके पास पंजाब का निवासी होने का वैध आधार कार्ड तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वैध मतदाता पहचान पत्र है, इस योजना के तहत लाभार्थी के रूप में नामांकित होने के लिए पात्र हैं।

कुछ श्रेणियों की महिलाओं को इस योजना से बाहर रखा गया है, जिनमें पंजाब सरकार, केंद्र सरकार या देश के किसी अन्य राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की सरकार की नियमित या सेवानिवृत्त कर्मचारी महिलाएं, निर्वाचित विधायक या सांसद, तथा किसी मौजूदा मंत्री, सांसद या विधायक की पत्नी शामिल हैं।

भाषा देवेंद्र धीरज

धीरज


लेखक के बारे में