पर्यावरण अनुकूल ‘होला मोहल्ला’ के लिए पंजाब सरकार बनाएगी स्थायी टेंट सिटी: बैंस

पर्यावरण अनुकूल 'होला मोहल्ला' के लिए पंजाब सरकार बनाएगी स्थायी टेंट सिटी: बैंस

पर्यावरण अनुकूल ‘होला मोहल्ला’ के लिए पंजाब सरकार बनाएगी स्थायी टेंट सिटी: बैंस
Modified Date: March 2, 2026 / 04:57 pm IST
Published Date: March 2, 2026 4:57 pm IST

चंडीगढ़, दो मार्च (भाषा) पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोमवार को श्री आनंदपुर साहिब में चल रहे ‘होला मोहल्ला’ उत्सव के लिए एक स्थायी और सभी मौसमों के लिए टेंट सिटी सहित व्यापक प्रबंधों की घोषणा की।

बैंस ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कई पहलों का अनावरण किया, जिनमें एक स्थायी वातानुकूलित टेंट सिटी और सिख त्योहार ‘होला मोहल्ला’ को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाना शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘पिछले साल एक अस्थायी ढांचे की सफलता और मुख्यमंत्री भगवंत मान के निरीक्षण के बाद स्थायी टेंट सिटी की अवधारणा तैयार की गई थी जिसके बाद अब इस पवित्र शहर में यह सुविधा स्थापित कर दी गई है।’

बैंस ने कहा, ‘पंजाब के धार्मिक पर्यटन के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है। हम आज जनता को एक स्थायी, पूरी तरह से वातानुकूलित टेंट सिटी समर्पित कर रहे हैं। देश में अपनी तरह की यह पहली सुविधा है जो श्रद्धालुओं को होने वाली आवास की कमी को दूर करेगी।’

पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बैंस ने घोषणा की कि इस वर्ष ‘होला मोहल्ला’ को पर्यावरण अनुकूल ‘होला मोहल्ला’ के रूप में मनाया जाएगा।

उन्होंने सूचित किया कि एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सभी ‘लंगर’ सेवा केंद्रों पर जैव-अपघटनीय विकल्पों को उपलब्ध कराने का पूरा खर्च उठाएगा।

बैंस ने कहा, ‘लाखों श्रद्धालुओं को ‘लंगर’ परोसे जाने के विशाल स्तर को देखते हुए हमने पर्यावरण संबंधी चिंताओं को प्राथमिकता दी है। इसमें इस्तेमाल की जाने वाली प्रत्येक प्लेट, कप और बर्तन जैव-अपघटनीय, गैर-प्लास्टिक सामग्री से बना होगा।’

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में