पंजाब: अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार
पंजाब: अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार
चंडीगढ़, 26 मार्च (भाषा) पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ ही अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि जालंधर स्थित पुलिस की खुफिया शाखा ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 10 देसी पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद कीं।
अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अलीगढ़ निवासी दलेश कुमार और आगरा निवासी अमित चाहर के रूप में हुई है।
यह घटनाक्रम बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो गुर्गों सुखविंदर उर्फ सनी और रावल की गिरफ्तारी के लगभग एक महीने बाद सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि इन गुर्गों ने अपने विदेशी आका जस्सी कुलम के निर्देश पर बलाचौर के निकट तीन हथगोले और एक आईईडी खरीदे और लगाए थे।
अधिकारी ने बताया कि बाद में इसी आईईडी का इस्तेमाल हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ थाने में हुए विस्फोट में किया गया था।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान दलेश कुमार की कार से पांच पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद होने पर दोनों संदिग्धों को मथुरा में गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि दलेश कुमार के खुलासे के बाद मथुरा-पलवल राजमार्ग से पांच अन्य पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद की गईं।
अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


