पंजाब नगर निगम चुनाव: दोपहर तक 31.6 प्रतिशत मतदान, रायकोट में कांग्रेस प्रत्याशी हमले में घायल

पंजाब नगर निगम चुनाव: दोपहर तक 31.6 प्रतिशत मतदान, रायकोट में कांग्रेस प्रत्याशी हमले में घायल

पंजाब नगर निगम चुनाव: दोपहर तक 31.6 प्रतिशत मतदान, रायकोट में कांग्रेस प्रत्याशी हमले में घायल
Modified Date: May 26, 2026 / 02:25 pm IST
Published Date: May 26, 2026 2:25 pm IST

चंडीगढ़, 26 मई (भाषा) पंजाब में 103 नगर निकायों के लिए मंगलवार को हो रहे मतदान में दोपहर 12 बजे तक 31.6 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, वहीं मतदान के दौरान रायकोट में कांग्रेस के एक उम्मीदवार कथित तौर पर धारदार हथियारों से किए गए हमले में घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रायकोट के वार्ड संख्या -4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा को घायल अवस्था में लुधियाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने घटना की निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा।

वड़िंग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “रायकोट में कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर बर्बर हमला बताता है कि भगवंत मान सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गैंगस्टर और राजनीतिक गुंडे खुले घूम रहे हैं, जबकि सरकार विज्ञापनों और रील बनाने में व्यस्त है। यदि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो पंजाब के आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।”

मतदान सुबह आठ बजे मतपत्रों के जरिए शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। मतगणना 29 मई को होगी।

अधिकारियों ने बताया कि मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट सहित आठ नगर निगमों के 1,896 वार्ड के अलावा 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं।

कुल 7,555 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने सबसे अधिक 1,801 उम्मीदवार उतारे हैं, उसके बाद कांग्रेस के 1,550, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 1,316, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के 1,251 और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 96 उम्मीदवार हैं।

इसके अलावा, चुनाव में 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी किस्मत आजमा रहे हैं।

लू चलने की चेतावनी के बावजूद सुबह मतदान केंद्रों पर मतदाताओं, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं।

सुबह के समय विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को तेज गर्मी से बचने के लिए मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े देखा गया।

भाजपा के पंजाब कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने पठानकोट में मतदान किया और मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा ‘विकसित पठानकोट’ के लिए मतदान करने की अपील की।

‘आप’ विधायक अमनशेर सिंह शगरी कलसी ने भी बटाला में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कांग्रेस नेता वड़िंग अपनी पत्नी अमृता वड़िंग के साथ मुक्तसर में बैलगाड़ी से मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह केंद्र सरकार को यह संदेश देना चाहते हैं कि ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम नागरिक परेशान हैं।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरजोत सिंह बैंस ने मतदाताओं से मतदान करने की अपील की। अमन अरोड़ा ने अपनी पत्नी के साथ सुनाम में मतदान किया।

शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं थी।

आठ नगर निगमों के 396 वार्ड में कुल 1,613 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। 75 नगर पालिका परिषदों में 1,282 वार्ड में 5,142 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जबकि 20 नगर पंचायतों के 218 वार्ड में 800 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

इन नगर निकायों में 35,45,567 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 17,11,635 महिलाएं और 220 अन्य वर्ग के मतदाता शामिल हैं।

कुल 740 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 275 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।

चुनाव ड्यूटी पर लगभग 35,000 चुनावकर्मी और 32,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

मतदान को सुगम बनाने के लिए पंजाब सरकार ने 26 मई को राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश चंडीगढ़ स्थित पंजाब सरकार के सभी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों पर भी लागू होगा।

इन निकाय चुनावों को आम आदमी पार्टी, भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में