पंजाब: केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कपूरथला में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया
पंजाब: केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कपूरथला में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया
कपूरथला, पांच अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की।
मल्होत्रा ने कहा कि उनकी यात्रा हाल में आई बाढ़ से प्रभावित किसानों के प्रति नरेन्द्र मोदी सरकार की प्रतिबद्धता और समर्थन का प्रदर्शन है।
मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राहत कार्यों का आकलन करते समय, आवश्यक जरूरतों पर चर्चा की गई और सभी विभागों को राहत प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश जारी किये गये। मुआवजा प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया ताकि पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मुआवजा पहुंच सके।’’
मल्होत्रा ने सुल्तानपुर लोधी के शेखमंगा गांव का दौरा किया और प्रभावित क्षेत्र में स्थापित स्वास्थ्य शिविर की सराहना की, जहां चिकित्सा दल प्रभावित लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
मंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाने के पैकेट भी वितरित किये। इसके बाद वह बाढ़ प्रभावित गांव तकिया गये और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
राहत उपायों के अलावा, मंत्री ने कपूरथला और आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति की भी समीक्षा की, जो हाल में आई बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) के अधिकारी भी मंत्री के साथ थे।
केंद्रीय सड़क, परिवहन, राजमार्ग और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्गों को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


