राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी ने मुलाकात की
राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी ने मुलाकात की
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को यहां मुलाकात की। यह बैठक विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की ओर से आपसी समन्वय मजबूत करने और एकजुटता बनाए रखने के प्रयासों के बीच हुई।
यहां 10 जनपथ पर हुई इस बैठक से एक दिन पहले, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी तथा विपक्षी गठबंधन को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की थी।
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी के बीच बुधवार को हुई यह बैठक इस सप्ताह दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच जारी संवाद का हिस्सा मानी जा रही है।
हालांकि, बैठक का विस्तृत ब्योरा तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका, लेकिन यह ऐसे समय में हुई है जब हालिया पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस अपने भीतर बगावत की स्थिति का सामना कर रही है।
सोमवार को हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में विपक्षी नेताओं ने भाजपा का मुकाबला करने के लिए गठबंधन सहयोगियों के बीच अधिक समन्वय और एकता की आवश्यकता पर जोर दिया था।
ममता बनर्जी ने भी गठबंधन के घटक दलों से मतभेदों को भुलाकर जनता से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करने की अपील की थी।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


