राहुल ने पार्टी नेताओं से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में सहयोग का आह्वान किया
राहुल ने पार्टी नेताओं से 'छात्रों की गूंज' अभियान में सहयोग का आह्वान किया
नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में पार्टी नेताओं से युवाओं के मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आह्वान किया है।
भारतीय युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) का यह अभियान प्रश्न पत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की बढ़ती लागत से जुड़ा है।
पार्टी महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों को लिखे एक पत्र में गांधी ने कहा कि भारत के युवा अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहे हैं और प्रश्न पत्र लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, बार-बार पुनर्परीक्षाएं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, सरकारी पदों के खाली रहने, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की बढ़ती लागत ने युवाओं और उनके परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ रैली से उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की एक श्रृंखला की शुरुआत की थी।
उनके मुताबिक, मौजूदा शिक्षा व्यवस्था युवाओं पर अत्यधिक दबाव डालती है और उन्हें बेहतर भविष्य बनाने में सहयोग देने के बजाय उनके परिवारों को कर्ज, तनाव और कष्ट के दुष्चक्र में धकेल देती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के उत्पीड़न और शोषण की सच्चाई को उजागर करना और इस संदेश को पूरे देश में समन्वित एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना आवश्यक है।
कांग्रेस नेता ने पार्टी पदाधिकारियों से भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा देशभर में चलाए जाने वाले ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को पूर्ण समर्थन और सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, ‘आइए, हम सब मिलकर अपने युवाओं को इस दमनकारी व्यवस्था से मुक्त करें और ऐसी नई व्यवस्था की नींव रखें, जो उन्हें वह अवसर और सहयोग प्रदान करे, जिसके वे हकदार हैं।’
भाषा हक
अविनाश दिलीप
दिलीप

Facebook


