राहुल गांधी ने 22 लाख छात्रों के भविष्य के मुद्दे पर ओछी राजनीति करने का विकल्प चुना : भाजपा
राहुल गांधी ने 22 लाख छात्रों के भविष्य के मुद्दे पर ओछी राजनीति करने का विकल्प चुना : भाजपा
नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर नीट-यूजी प्रश्नपत्र ‘लीक’ मामले को लेकर “खुले राजनीतिक अवसरवाद” में लिप्त होने का आरोप लगाया।
पार्टी ने कहा कि “पेपर लीक नेटवर्क” के खिलाफ कई राज्यों में की गई कार्रवाई यह साबित करती है कि मोदी सरकार अपराधियों को संरक्षण नहीं देती, जबकि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार अपने कार्यकाल में “घोटालों को दबाने” का काम करती थी।
इससे पहले, राहुल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर नीट-यूजी प्रश्नपत्र ‘लीक’ विवाद और सीबीएसई मूल्यांकन संबंधी चिंताओं के बीच छात्रों का भविष्य “बर्बाद” करने का आरोप लगाया था।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लाखों बच्चों का भविष्य “बर्बाद” करने के लिए माफी मांगने की भी मांग की थी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने स्कूलों में सीबीएसई की त्रिभाषा नीति लागू किए जाने को लेकर भी शिक्षा मंत्री पर निशाना साधा था।
राहुल पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, “एक बार फिर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने 22 लाख मेहनती छात्रों के भविष्य के मुद्दे को लेकर ओछी राजनीति करने का विकल्प चुना। रचनात्मक समाधान देने के बजाय विपक्ष अपने राजनीतिक विमर्श को आगे बढ़ाने के लिए खुले अवसरवाद में लिप्त है।”
भाटिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दूसरों को जवाबदेही का पाठ पढ़ाने से पहले कांग्रेस पार्टी को आईना देखना चाहिए और अपने शासनकाल में हुए प्रश्नपत्र लीक, संस्थागत विफलताओं और परीक्षा घोटालों का जवाब देना चाहिए।”
भाषा जोहेब पारुल
पारुल

Facebook


