राहुल गांधी ने कोट्टयम में चुनाव अभियान में एफसीआरए और रबड़ की कीमत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया

राहुल गांधी ने कोट्टयम में चुनाव अभियान में एफसीआरए और रबड़ की कीमत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया

राहुल गांधी ने कोट्टयम में चुनाव अभियान में एफसीआरए और रबड़ की कीमत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
Modified Date: March 30, 2026 / 05:49 pm IST
Published Date: March 30, 2026 5:49 pm IST

कोट्टयम (केरल), 30 मार्च (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रस्तावित एफसीआरए संशोधनों के तहत, केवल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ही विदेशी धन (चंदा) प्राप्त कर सकेगा, जबकि अन्य संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।

गांधी ने पुथुप्पल्ली में एक चुनावी रैली को संबोधित करते कहा कि विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक लाये जाने से गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।

एफसीआरए कोट्टयम जिले में एक प्रमुख मुद्दा बनकर उभरा है, जहां बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग रहते हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, “अचानक हमने देखा कि एफसीआरए विधेयक लाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि केवल एक ही संगठन है जो विदेश से धन (चंदा) प्राप्त कर सकता है। आरएसएस के अलावा कोई अन्य संगठन विदेश से धन प्राप्त नहीं कर सकता।”

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उद्योगपति गौतम अदाणी के माध्यम से विदेशी पैसा प्राप्त कर सकते हैं, जबकि आरएसएस को प्रस्तावित एफसीआरए नियमों से लाभ प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा, “आरएसएस में ऐसी क्या खास बात है कि उसके लिए अलग नियम हैं? वह नफरत फैलाता है और लोगों को बांटता है। भाजपा भी इसी तरह काम करती है।”

गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियों से आम जनता को बहुत कम लाभ मिलता है।

स्थानीय मुद्दों पर बात करते हुए, उन्होंने कोट्टयम जिले की लोकप्रिय नकदी फसल रबड़ की खेती का जिक्र किया और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) पर रबर की कीमतें तय करने के अपने वादे को पूरा करने में ‘विफल’ रहने का आरोप लगाया।

कोट्टयम को लेटेक्स की भूमि के रूप में जाना जाता है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “2016 में, एलडीएफ ने रबड़ की कीमतें 250 रुपये प्रति किलोग्राम तय करने का वादा किया था। 2026 में, वह 200 रुपये की बात कर रहा है, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 220 रुपये है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के कल्याण को प्राथमिकता देगी और कीमतों में स्थिरता सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने कहा, “हम झूठे वादे नहीं करते हैं। हमारा उद्देश्य किसानों की रक्षा करना और उनकी आजीविका में सुधार लाना है। संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार का पहला निर्णय रबर की कीमत 250 रुपये तय करना होगा।”

गांधी ने कहा कि पार्टी के घोषणापत्र में चरणबद्ध तरीके से रबर की कीमतें चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 300 रुपये करने की परिकल्पना है।

उन्होंने कहा, “हमारा यह संकल्प है कि सरकार के पहले दिन रबर की कीमत 250 रुपये होगी और उसके बाद इसमें और वृद्धि की जाएगी।”

गांधी ने कहा कि उन्होंने पुथुप्पल्ली में चुनाव प्रचार करने पर इसलिए जोर दिया था क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने 50 वर्षों से अधिक समय तक इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

उन्होंने याद किया कि चांडी ने स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनके साथ पदयात्रा की थी।

उन्होंने कहा कि चांडी की लंबी अंतिम यात्रा उनकी जनता के बीच लोकप्रियता को दर्शाती है।

चांडी के बेटे और मौजूदा विधायक चांडी ओमन पुथुप्पल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन


लेखक के बारे में