नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इजराइल के संसद में दिए गए भाषण को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि विपक्षी दल इसलिए ‘नाखुश’ है क्योंकि राहुल गांधी उम्रदराज हो रहे हैं और उनके प्रधानमंत्री बनने की कोई संभावना नहीं है।
भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनका परिवार पूरी तरह से ‘कंप्रोमाइज’ है। पात्रा ने कांग्रेस से देश को यह स्पष्टीकरण देने की मांग की कि जवाहरलाल नेहरू ने प्रधानमंत्री के तौर पर अपने पहले कार्यकाल के दौरान भारतीय क्षेत्रों को चीन और पाकिस्तान को ‘उपहार’ में क्यों दे दिया था।
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को इजराइली संसद में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर हमला बोलते हुए कहा कि यह उनके मेजबान (प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू) का ‘खुलेआम बचाव’ था।
‘एक्स’ पर कई पोस्ट में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने मोदी के भाषण को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भारत को ऐसे शासन का समर्थन करते हुए नहीं देखा जाना चाहिए जिसने गाजा में नरसंहार किया है और हजारों बेबस फलस्तीनियों को भुखमरी की स्थिति में पहुंचा दिया है।
पलटवार करते हुए पात्रा ने कहा कि जब भी देश और प्रधानमंत्री मोदी के साथ कुछ अच्छा होता है, तो कांग्रेस के लिए यह हमेशा ‘बुरी खबर’ होती है।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘यह देश के लिए गर्व की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नेसेट’ में संबोधन के दौरान लोगों ने खड़े होकर प्रशंसा की। लोग ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगा रहे थे। हमने उनसे ऐसा करने के लिए नहीं कहा था। यह एक सहज प्रतिक्रिया थी। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए इजराइल के लोगों का प्यार था, जो वहां भारत की 140 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।’’
पात्रा ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान के सम्मान में मोदी को ‘स्पीकर ऑफ नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) इन सब बातों से दुखी हैं क्योंकि उनके पास सत्ता नहीं है। राहुल बाबा सत्ता पाना चाहते हैं क्योंकि वे उम्रदराज हो रहे हैं। उन्हें यह नहीं मिलेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को दुखी होना चाहिए। उन्हें दुखी होने दीजिए।’’
मोदी पर गांधी के ‘‘कंप्रोमाइज’ प्रधानमंत्री’ वाले तंज का जवाब देते हुए ओडिशा के पुरी से सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता और उनका परिवार ही ‘कंप्रोमाइज’ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू ने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान भारत के कई भूभाग चीन और पाकिस्तान को ‘उपहार’ के रूप में दे दिए और भारत का नक्शा हमेशा के लिए बदल दिया।
भाजपा नेता ने दावा किया कि नेहरू ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट लेने से यह कहकर इनकार कर दिया था कि अगर भारत यह प्रस्ताव स्वीकार कर लेता तो चीन नाराज हो जाता।
पात्रा ने कांग्रेस से जवाब मांगते हुए पूछा, ‘‘क्या चीन और पाकिस्तान ने नेहरू को रिश्वत दी थी? नेहरू ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट क्यों ठुकरा दी? क्या उन्हें इसके लिए रिश्वत दी गई थी?’’
उन्होंने कहा, ‘‘चाचा नेहरू ‘कंप्रोमाइज’ थे। आज से उन्हें ‘चाचा कंप्रोमाइज’ कहा जाना चाहिए।’’
भाषा संतोष रंजन
रंजन