दिल्ली में बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली

दिल्ली में बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली

दिल्ली में बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली
Modified Date: July 27, 2026 / 10:45 pm IST
Published Date: July 27, 2026 10:45 pm IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार दोपहर हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। इससे पहले दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर दर्ज किया गया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में सबसे अधिक 19.4 मिमी बारिश रिज क्षेत्र में दर्ज की गई। इसके अलावा लोधी रोड पर 11.5 मिमी और शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 8.0 मिमी वर्षा हुई।

राजधानी के अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। आयानगर में 3.8 मिमी, पूसा में 4 मिमी, जनकपुरी में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मयूर विहार, नारायणा और नजफगढ़ जैसे इलाकों में करीब 0.5 मिमी फुहारें पड़ीं।

हालांकि, पालम, जाफरपुर और छतरपुर जैसे इलाकों में दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच बारिश नहीं हुई।

सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक था। पालम और लोधी रोड में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रिज और आयानगर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले सोमवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। पालम में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री, लोधी रोड में 27.8 डिग्री, रिज में 24.8 डिग्री और आयानगर में 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने सोमवार रात दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

आईएमडी ने मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

विभाग के अनुसार, दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार दूसरे दिन 101 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में