राजस्थान में साइबर अपराध नियंत्रण को मजबूत करने पर जोर, मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक
राजस्थान में साइबर अपराध नियंत्रण को मजबूत करने पर जोर, मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक
जयपुर, 28 मई (भाषा) राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बृहस्पतिवार को पुलिस मुख्यालय में साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई के लिए तकनीकी क्षमता तथा समन्वय को और मजबूत करना आवश्यक है।
श्रीनिवास ने साइबर अपराध प्रकोष्ठ की संरचना और कार्यप्रणाली तथा ‘साइबर हेल्पलाइन 1930’ के संचालन की व्यापक समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्य सचिव ने साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के संचालन और साइबर अपराधों की जांच प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन को और अधिक सुदृढ़ तथा प्रभावी बनाया जाए तथा इसके लिए अगले 30 दिनों में विस्तृत नीतिगत कार्ययोजना लागू करने का लक्ष्य तय किया जाए।
इस दौरान श्रीनिवास ने पुलिस मुख्यालय में स्थापित साइबर अपराध हेल्पलाइन का निरीक्षण भी किया और कई कॉल सुनकर शिकायत दर्ज करने, प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज होने तथा जांच प्रक्रिया की कार्यप्रणाली को समझा।
उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्थान साइबर क्राइम एंड ऑपरेशन सेंटर को शीघ्र पूरा कर संचालन में लाया जाए। साथ ही, मौजूदा कॉल सेंटर प्रणाली में आवश्यक सुधार किए जाएं ताकि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक तेज तथा प्रभावी बन सके।
इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक (साइबर अपराध) वी. के. सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


