राजस्थान सीआईडी ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के फंडिंग एजेंट को गिरफ्तार किया
राजस्थान सीआईडी ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के फंडिंग एजेंट को गिरफ्तार किया
जयपुर, एक जुलाई (भाषा) राजस्थान पुलिस की सीआईडी (आसूचना) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के फंडिंग नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए उसके एक कथित ‘फंडिंग एजेंट’ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी जासूसी गतिविधियों में शामिल लोगों तक आईएसआई की ओर से भेजी गई धनराशि पहुंचाने का काम करता था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आसूचना) प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि जनवरी 2026 में शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत दर्ज एक मामले में जैसलमेर के निवासी झबरा राम और असम के डिब्रूगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर पर कार्यरत सुमित कुमार को भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं आईएसआई के ‘हैंडलरों’ तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों को जासूसी के बदले मिलने वाली रकम महाराष्ट्र के औरंगाबाद के निवासी रफीक चांद शेख (41) के माध्यम से पहुंचाई जाती थी।
उन्होंने बताया कि सीआईडी (आसूचना) ने गहन जांच के तहत रफीक से पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि वह पिछले करीब चार वर्ष से सोशल मीडिया के माध्यम से आईएसआई के एक ‘हैंडलर’ के संपर्क में था।
कुमार ने बताया कि हैंडलर के निर्देश पर रफीक ने अपने नाम के अलावा अन्य लोगों के नाम से भी कई बैंक खाते खुलवाए और उन्हीं खातों के जरिए जासूसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों तक धनराशि पहुंचाई।
सीआईडी (आसूचना) ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद मंगलवार को रफीक को गिरफ्तार कर लिया।
सीआईडी (आसूचना) के अनुसार इस मामले की जांच जारी है और आईएसआई के इस वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों व लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब

Facebook


