राजस्थान: माही बांध क्षेत्र बनेगा पर्यटन स्थल, सरकार ने बनाई उच्च स्तरीय समिति

राजस्थान: माही बांध क्षेत्र बनेगा पर्यटन स्थल, सरकार ने बनाई उच्च स्तरीय समिति

राजस्थान: माही बांध क्षेत्र बनेगा पर्यटन स्थल, सरकार ने बनाई उच्च स्तरीय समिति
Modified Date: March 24, 2026 / 07:16 pm IST
Published Date: March 24, 2026 7:16 pm IST

जयपुर, 24 मार्च (भाषा) राजस्थान सरकार बांसवाड़ा जिले के माही बांध क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना बना रही है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, “सौ द्वीपों का शहर” के नाम से प्रसिद्ध इस क्षेत्र को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

दक्षिणी राजस्थान के वागड़ क्षेत्र में सिंचाई और बिजली उत्पादन में माही बांध महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जो अब पर्यटन विकास का केंद्र बनेगा।

जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने बताया कि बांध के जलाशय क्षेत्र में फैले “सौ द्वीपों” और आसपास की भूमि का सुनियोजित विकास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति गठित की, जो विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करेगी।

मंत्री ने कहा कि योजना में नियंत्रित एवं पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, जल संरक्षण सुनिश्चित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर दिया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष उदयपुर संभागीय आयुक्त होंगे।

समिति के अन्य सदस्यों में बांसवाड़ा जिला कलेक्टर, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, वन विभाग के उप संरक्षक, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, सहायक नगर नियोजक और पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक शामिल होंगे।

समिति भूमि उपयोग, सीमांकन, भूमि आवंटन तथा जलक्रीड़ा और अन्य पर्यटन गतिविधियों के नियमन के लिए दिशा-निर्देश तैयार करेगी तथा पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि योजनाबद्ध विकास के तहत जल-आधारित गतिविधियां और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की पहचान और मजबूत होगी।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में