राजस्थान पुलिस ने कानून के मेधावी छात्रों के लिए इंटर्नशिप योजना शुरू की
राजस्थान पुलिस ने कानून के मेधावी छात्रों के लिए इंटर्नशिप योजना शुरू की
जयपुर, 12 अगस्त (भाषा) राजस्थान पुलिस ने शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट छात्रों के लिए इंटर्नशिप योजना शुरू की है, जिसके तहत कानून के छात्र पुलिस के साथ इंटर्न के रूप में काम कर व्यावहारिक पुलिसिंग का अनुभव हासिल कर सकेंगे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार ‘राजस्थान पुलिस इंटर्नशिप योजना’ के तहत भारत और विदेश के विश्वविद्यालयों से स्नातक, स्नातकोत्तर या पीएचडी पाठ्यक्रम कर रहे कानून के छात्र पात्र होंगे। वे पुलिस की विभिन्न शाखाओं, इकाइयों, ब्यूरो और मैदानी इकाइयों के साथ इंटर्नशिप कर सकेंगे।
इंटर्न को पुलिसिंग, आपराधिक न्याय प्रणाली, फॉरेंसिक विज्ञान, साइबर कानून और इससे जुड़े कानूनी विषयों का व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा। वे नीति विश्लेषण, आंकड़े जुटाने और शोध कार्य में भी सहयोग करेंगे।
बयान के अनुसार, पुलिस मुख्यालय ने पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले छात्रों के लिए यह योजना शुरू की है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बिपिन कुमार पांडेय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, चयनित इंटर्न अपराध शाखा, यातायात, साइबर अपराध, विधि शाखा, आधुनिकीकरण और अन्य इकाइयों के साथ कानूनी शोध, आंकड़ों के विश्लेषण और रिपोर्ट लेखन में सहयोग करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इंटर्नशिप पूरी तरह अवैतनिक होगी और इसका उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक कानूनी अनुभव प्रदान करना है, जिससे उनके करियर और भविष्य की संभावनाओं में मदद मिल सके।
पात्रता मानदंड के अनुसार, आवेदक ने 12वीं कक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या इसके समकक्ष अंक हासिल किए होने चाहिए।
बयान के मुताबिक इंटर्नशिप की न्यूनतम अवधि 45 दिन होगी और इसे अधिकतम तीन महीने तक बढ़ाया जा सकता है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


