जयपुर, 26 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शनिवार को प्रस्तावित अजमेर दौरे के मद्देनजर पुलिस ने किशनगढ़-गेगल-कायड़-ब्यावर और किशनगढ़-गेगल-कायड़-अजमेर मार्गों पर संभावित जाम को लेकर यातायात परामर्श जारी किया है।
परामर्श के अनुसार, सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक अजमेर-जयपुर राजमार्ग के कायड़ क्षेत्र में यातायात दबाव बढ़ने की संभावना है। इसी स्थान पर प्रधानमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) वी. के. सिंह ने कहा कि निर्धारित समय में चिह्नित मार्गों पर यातायात जाम की संभावना है। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस ने सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रक, ट्रेलर और अन्य मालवाहक वाहनों जैसे भारी वाहनों को सलाह दी गई है कि वे 28 फरवरी को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक किशनगढ़-गेगल-कायड़-ब्यावर और किशनगढ़-गेगल-कायड़-अजमेर मार्गों पर कायड़ और गेगल टोल प्लाजा से होकर न गुजरें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
संबंधित जिलों की पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वे मार्ग में बदलाव की योजना को प्रभावी रूप से लागू करें।
भाषा बाकोलिया सिम्मी
सिम्मी