राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने ओडिशा में मनमोहन सामल को उम्मीदवार बनाया; निर्दलीय दिलीप रे का समर्थन किया

राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने ओडिशा में मनमोहन सामल को उम्मीदवार बनाया; निर्दलीय दिलीप रे का समर्थन किया

राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने ओडिशा में मनमोहन सामल को उम्मीदवार बनाया; निर्दलीय दिलीप रे का समर्थन किया
Modified Date: March 3, 2026 / 11:24 pm IST
Published Date: March 3, 2026 11:24 pm IST

भुवनेश्वर, तीन मार्च (भाषा) भाजपा ने मंगलवार को पार्टी की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और सांसद सुजीत कुमार को 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया। साथ ही, पार्टी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप रे को समर्थन देने की घोषणा की, जो एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

वर्ष 2002 में क्रॉस-वोटिंग के जरिये राज्यसभा सीट जीतने वाले दिलीप रे ने दावा किया कि उन्हें इस बार भी जीतने का पूरा भरोसा है।

तीन प्रधानमंत्रियों के साथ केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करने वाले दिलीप रे के लिए पार्टी के समर्थन की घोषणा करते हुए, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने 72 वर्षीय नेता की जीत का भरोसा जताया।

रे को भाजपा का खुला समर्थन, पार्टी की चार में से तीन सीटें जीतने की कोशिश के रूप में देखा जा सकता है। भाजपा और बीजद दोनों के पास चौथी सीट जीतने के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं है। सत्ताधारी और विपक्षी दल को क्रमशः दो और एक सीट पर आसानी से जीत हासिल करने की उम्मीद है।

राज्यसभा चुनाव में वोटों के गणित के अनुसार, ओडिशा में एक सीट जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 30 प्रथम वरीयता वोटों की आवश्यकता होती है। 82 विधायकों के समर्थन से भाजपा दो सीटें जीतने की स्थिति में है और उसके पास 22 अतिरिक्त वोट होंगे। लेकिन, पार्टी को अपने तीसरे उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए आठ वोटों की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

चौथी सीट के लिए मुकाबला संभवतः रे और बीजद के उम्मीदवार डॉ. दत्तेश्वर के बीच होगा।

सुजीत कुमार राज्यसभा के वर्तमान सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो जाएगा। वह बीजद से इस्तीफा देने के बाद सितंबर 2024 में भाजपा में शामिल हुए थे।

भाषा शफीक सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में