राम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के आरोपी की पत्नी ने पति को फंसाये जाने का दावा किया

राम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के आरोपी की पत्नी ने पति को फंसाये जाने का दावा किया

राम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के आरोपी की पत्नी ने पति को फंसाये जाने का दावा किया
Modified Date: July 5, 2026 / 08:09 pm IST
Published Date: July 5, 2026 8:09 pm IST

अयोध्या (उप्र), पांच जुलाई (भाषा) राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोप में गिरफ्तार किये गये रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव की पत्नी ने दावा किया है कि उनके पति को गबन के मामले में फंसाया गया है।

टिन्नू यादव की पत्नी पूनम यादव ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर निशाना साधते हुए शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘बड़े लोगों को बचाने के लिए छोटे लोगों को फंसाया जा रहा है। यादव होने के बावजूद मेरे पति 1992 से भगवा झंडा लहराते रहे हैं। मेरे पति तब से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े हैं।’’

पुलिस सूत्रों ने टिन्नू यादव को चढ़ावा चोरी के प्रमुख आरोपियों में शामिल बताया है।

हालांकि यादव की पत्नी का दावा है कि उनके परिवार पर लगाए जा रहे सभी आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं।

पूनम ने 50 करोड़ रुपये की संपत्ति और लग्जरी कारें रखे जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘अगर हमारे पास से 50 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद होती है, तो मैं तुरंत 45 करोड़ रुपये राम मंदिर ट्रस्ट को दान कर दूंगी और पांच करोड़ रुपये अपने पास रखूंगी।’’

टिन्नू यादव शुरू में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के वाहन चालक थे मगर बाद में वह मंदिर प्रशासन और वीआईपी प्रबंधन का एक अहम हिस्सा बन गये।

पुलिस का आरोप है कि यादव के पास दान की गिनती वाले कमरे और दान पेटियों की चाबियों तक अनाधिकृत पहुंच थी जिससे वह दान की रकम गिनती की प्रक्रिया में हेरफेर कर सकते थे।

भाषा सं. सलीम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में