रमेश का तंज: पर्यावरण मंत्री का काम ‘अवैध शिकार’ को रोकना है, करना नहीं
रमेश का तंज: पर्यावरण मंत्री का काम ‘अवैध शिकार’ को रोकना है, करना नहीं
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल में टूट से जुड़ी खबरों को लेकर सोमवार को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका काम ‘‘अवैध शिकार’’ करने का नहीं, बल्कि रोकने का है।
तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी अंदरूनी कलह के बीच पार्टी के सांसदों के एक समूह ने भविष्य की रणनीति और पार्टी से अलग होकर एक नया गुट बनाने की संभावना पर चर्चा करने के लिए सोमवार को यहां बैठक की।
खबरों के अनुसार, असंतुष्ट तृणमूल कांग्रेस सांसद केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पश्चिम बंगाल चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर इकट्ठे हुए थे।
रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पश्चिम बंगाल चुनाव का (भाजपा प्रभारी के तौर पर) काम देखने वाले केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री ‘अवैध शिकार’ में शामिल हुए हैं। इन मंत्री का विशेष काम शिकारियों को पकड़वाना और अवैध शिकार को रोकना है, न कि खुद ऐसा करना।’’
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप

Facebook


