सेना की परीक्षाएँ उत्तीर्ण कर चुके युवाओं की जल्द भर्ती करें : रास में संजय सिंह की मांग
सेना की परीक्षाएँ उत्तीर्ण कर चुके युवाओं की जल्द भर्ती करें : रास में संजय सिंह की मांग
( तस्वीर सहित )
नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी के सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को राज्यसभा में सरकार से मांग की कि थल सेना में भर्ती के लिए परीक्षा पास कर चुके युवाओं की तत्काल भर्ती की जाए और सैनिकों को वरिष्ठ अधिकारियों की सेवा में लगाना बंद किया जाए।
उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए सिंह ने कहा कि 2019 से 2022 के बीच लगभग 1.23 लाख युवाओं ने थल सेना में भर्ती के लिए शारीरिक और चिकित्सा परीक्षा पास की, जबकि लगभग 7,000 उम्मीदवारों ने वायुसेना के लिए परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बावजूद इन उम्मीदवारों को अभी तक नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं।
सिंह ने कहा, “भारतीय सेना देश का गौरव है। भारतीय सेना में भर्ती होना हर युवा का सपना होता है। लेकिन यह खेद की बात है कि आज ये युवा निराशा, पीड़ा और दु:ख से गुजर रहे हैं, क्योंकि वे लंबे समय से नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे हैं।”
आप सदस्य ने कहा कि हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार और देश के अन्य हिस्सों के युवा मातृभूमि की सेवा का यह सपना लेकर भर्ती हुए थे कि “चाहे सियाचिन में शून्य से 50 डिग्री नीचे तापमान में मातृभूमि की रक्षा करनी हो या जैसलमेर में 50 डिग्री तापमान में देशसेवा करनी हो, हम करेंगे।”
सिंह ने सेना में भर्ती की अल्पकालिक ‘अग्निवीर योजना’ की भी आलोचना की और कहा, “आप अग्निवीर जैसी योजना लाए और भारतीय सेना तथा मातृभूमि पर युवाओं का विश्वास तोड़ने का काम किया।”
अपने हाल के जौनपुर दौरे का ज़िक्र करते हुए सिंह ने कहा कि उन्होंने सेना के एक सैनिक से बातचीत की, जिसने बेहद दुखी मन से शिकायत की कि सैनिकों को अधिकारियों का काम करना पड़ता है।
सिंह ने कहा, “उसका एकमात्र अनुरोध था कि भारतीय सेना का सैनिक अपने हाथ में बंदूक पकड़े। भारतीय सेना के सैनिक भारत की रक्षा के लिए होते हैं, लेकिन उस सैनिक को अधिकारियों का सामान उठाने के लिए मजबूर किया जाता है। भारतीय सेना में अधिकारियों की सेवा की परंपरा को समाप्त किया जाना चाहिए। हमारे सैनिकों का सम्मान बनाए रखना चाहिए। हमारे सैनिक देश की रक्षा के लिए हैं, किसी भी अधिकारी का बोझ उठाने के लिए नहीं।”
सिंह ने सरकार से आग्रह किया कि सेना की सभी परीक्षाएं पूरी कर चुके उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र शीघ्र जारी किए जाएं और उनकी भर्ती की जाए।
भाषा
मनीषा माधव
माधव

Facebook


