गुरुवायूर में आतंकियों की मौजूदगी की खबरें झूठी : केरल के डीजीपी ने कहा

गुरुवायूर में आतंकियों की मौजूदगी की खबरें झूठी : केरल के डीजीपी ने कहा

गुरुवायूर में आतंकियों की मौजूदगी की खबरें झूठी : केरल के डीजीपी ने कहा
Modified Date: April 28, 2026 / 03:09 pm IST
Published Date: April 28, 2026 3:09 pm IST

त्रिशूर (केरल), 28 अप्रैल (भाषा) केरल के पुलिस महानिदेशक रवाडा ए चंद्रशेखर ने मंगलवार को सोशल मीडिया और कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें केरल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गुरुवायूर में आतंकियों की मौजूदगी का दावा किया गया था।

राज्य पुलिस प्रमुख ने स्पष्ट किया कि 22 अप्रैल को गुरुवायूर में पाए गए एक कश्मीरी व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लेकर विस्तृत जांच की थी।

उन्होंने बताया, “संबंधित व्यक्ति की जांच की गई है और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है। उसके परिवार और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया गया है, तथा चरमपंथियों से उसके संबंध नहीं पाए गए हैं।”

डीजीपी ने कहा कि उक्त व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसे बाद में कश्मीर पुलिस के हवाले किया जाएगा।

यह बयान सोशल मीडिया पर किए गए उन दावों के बाद आया है, जिनमें गुरुवायूर में आतंकियों की मौजूदगी की बात कही गई थी। गुरुवायूर राज्य का एक प्रमुख तीर्थ स्थल है।

गुरुवायूर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीजीपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है।

उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

डीजीपी ने मीडिया और सोशल मीडिया मंचों से अपील की कि संवेदनशील सूचनाओं को प्रकाशित या साझा करने से पहले पुलिस अधिकारियों से उचित सत्यापन अवश्य करें।

डीजीपी गुरुवायूर दौरे के दौरान देवस्वओम के यूट्यूब चैनल के साथ साक्षात्कार में बोल रहे थे। इस साक्षात्कार को बाद में आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी साझा किया गया।

इस दौरान त्रिशूर रेंज के डीआईजी टी नारायणन और सिटी पुलिस कमिश्नर नकुल आदित्य भी मौजूद थे।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में