श्रीनगर हवाई अड्डे पर इस साल रनवे पूरी तरह बंद नहीं होगा : हवाई अड्डा प्राधिकरण
श्रीनगर हवाई अड्डे पर इस साल रनवे पूरी तरह बंद नहीं होगा : हवाई अड्डा प्राधिकरण
श्रीनगर, चार जुलाई (भाषा) श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने शनिवार को अपने प्रस्तावित ‘नोटिस टू एयरमेन’ (नोटम) को वापस ले लिया है, जिसमें रनवे को पूरी तरह बंद कर मरम्मत और रखरखाव करने की योजना थी।
हवाई अड्डे की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक संदेश में कहा गया कि 2026 में किसी भी दिन हवाई अड्डा पूर्ण बंद नहीं रहेगा।
उसने कहा,‘‘ यात्रियों को सूचित किया जाता है कि इस वर्ष श्रीनगर हवाई अड्डे पर एयरफील्ड पूरी तरह बंद नहीं रहेगी। हवाई अड्डे का संचालन सभी दिन सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। हालांकि रनवे रखरखाव के लिए रात के समय बंद, अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगर।’’
हवाई अड्डे ने कहा कि पहले प्रस्तावित सोमवार और मंगलवार को पूर्ण रनवे बंद का नोटिस भी वापस ले लिया गया है।
इसके अनुसार, ‘‘ विमानन कंपनियां अपना शेड्यूल अद्यतन करेंगी। यात्रियों से आग्रह किया जाता है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।’’
इससे पहले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने जुलाई से सोमवार और मंगलवार को रनवे बंद रखने और अक्टूबर में दो सप्ताह के लिए पूर्ण बंदी की योजना बनाई थी ताकि आवश्यक रखरखाव कार्य किया जा सके।
पिछले महीने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस मुद्दे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू से मुलाकात की थी।
अब्दुल्ला ने सुझाव दिया था कि यदि श्रीनगर हवाई अड्डा बंद करना ही पड़े, तो इस दौरान अवंतिपुरा हवाई पट्टी को नागरिक उड़ानों के लिए खोला जाए।
उन्होंने यह भी कहा था कि अक्टूबर का महीना पर्यटन के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इस समय पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर आते हैं। यह वह समय है जब चिनार के पेड़ सुनहरे रंग में बदल जाते हैं।
घाटी के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी चिंता जताई थी कि लंबे समय तक हवाई अड्डा बंद रहने से पर्यटन सीजन पर असर पड़ सकता है।
भाषा शोभना रंजन
रंजन

Facebook


