शिअद प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात; प्रश्नपत्र लीक और बरनाला लाठीचार्ज मामले में जांच की मांग की
शिअद प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात; प्रश्नपत्र लीक और बरनाला लाठीचार्ज मामले में जांच की मांग की
चंडीगढ़, 31 जुलाई (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर राज्य में ‘‘प्रश्नपत्र लीक’’ की घटनाओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने तथा सफाई कर्मचारियों पर हुए हालिया लाठीचार्ज की घटना की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की।
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल में बिक्रम सिंह मजीठिया, बलविंदर सिंह भूंदड़ और दलजीत सिंह चीमा जैसे वरिष्ठ नेता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने इन मुद्दों पर राज्यपाल को दो ज्ञापन सौंपे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल कटारिया को बताया कि राज्य में ‘‘बार-बार प्रश्नपत्र लीक’’ की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) के शासनकाल में 10 से अधिक बार प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, जिसका असर 10 लाख अभ्यर्थी पर पड़ा है।
उन्होंने जवाबदेही तय करने और दोषियों को सजा देने के लिए सीबीआई जांच की मांग की।
इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा किए गए ‘‘लाठीचार्ज’’ की घटना की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की भी मांग की।
बादल ने कहा कि पार्टी ने राज्यपाल से हस्तक्षेप करने और ‘आप’ सरकार को हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने का निर्देश देने का आग्रह किया। साथ ही, बरनाला में ‘‘अनुसूचित जाति की महिलाओं और सफाई कर्मचारियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज’’ के लिए जिम्मेदार पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और अन्य पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है।
बरनाला में 22 जुलाई को नगर परिषद और जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान को रोकने के प्रयास के तहत सफाई कर्मचारियों की ओर से पुलिस पर कथित रूप से पत्थर और कचरे के थैले फेंकने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया था।
हाल में फार्मेसी अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में धांधली का खुलासा होने के बाद से विपक्षी दल पंजाब सरकार पर हमलावर हैं और पिछले साढ़े चार वर्षों में कई प्रश्नपत्र लीक होने का आरोप लगा रहे हैं।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने रुख पर कायम रहते हुए दावा किया है कि ‘आप’ के कार्यकाल के दौरान एक भी प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है।
मान ने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल पर प्रश्नपत्र लीक की झूठी बात फैला कर पंजाब की छवि को धूमिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री का कोई भी प्रश्नपत्र लीक नहीं होने का दावा सरासर झूठ है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘विभिन्न भर्तियों में कई तरह की अनियमितताएं हुई हैं; इस सरकार ने इस मामले में रिकॉर्ड बनाया है।’’
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


