शिअद के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात की
शिअद के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात की
चंडीगढ़, 16 मई (भाषा) शिरोमणि अकाली दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पंजाब के राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात की और दावा किया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के वास्ते उसके उम्मीदवार अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में असमर्थ हैं।
बिक्रम सिंह मजीठिया के नेतृत्व में राज्य निर्वाचन आयुक्त से मिले शिअद प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि मजीठा नगर समिति के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से इनकार कर दिया।
मजीठिया ने राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) राज कमल चौधरी के साथ अपनी मुलाकात के दौरान दावा किया कि पार्टी के किसी भी उम्मीदवार को एनओसी नहीं दी गई, जो आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद,सभी शिअद उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र के साथ एक हलफनामा दाखिल किया, जिसमें यह घोषणा की गई है कि उन्होंने सभी आवश्यक देनदारियों का भुगतान कर दिया है और उनके कागजात सही हैं।
मजीठिया ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप)के इशारे पर सरकारी अधिकारियों पर दबाव डाला जा रहा है कि वे उन्हें एनओसी जारी न करें।
उन्होंने एसईसी से इस मामले का संज्ञान लेने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि मजीठा में अकाली दल के उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को इन कारणों से खारिज न किया जाए।
मजीठिया ने एसईसी के समक्ष मजीठा के ईओ की शिकायत भी दर्ज कराई।
पंजाब में आठ नगर निगमों मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट सहित 105 नगर निकायों के लिए मतदान 26 मई को होगा। परिणाम 29 मई को आएंगे।
निकाय चुनाव के तहत 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए भी मतदान होगा।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


