राजमोहन गांधी लिखित सरदार पटेल की जीवनी का विमोचन पांच जुलाई को
राजमोहन गांधी लिखित सरदार पटेल की जीवनी का विमोचन पांच जुलाई को
नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) सरदार वल्लभभाई पटेल पर लिखी अपनी नयी किताब में इतिहासकार राजमोहन गांधी ने ‘‘भारत के लौह पुरुष’’ के जीवन और उनके संघर्षों का वर्णन किया है।
गांधी ने अपनी किताब में इस बात का जिक्र किया है कि कैसे साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर वह एक वकील बने और आखिर में आजादी की दहलीज पर खड़े देश में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
पुस्तक के प्रकाशक ‘एलेफ बुक कंपनी’ ने बताया कि ‘‘पटेल: ए लाइफ’’ नाम की यह किताब पांच जुलाई को बाजार में आएगी।
यह पुस्तक पटेल के उस सफर को उजागर करती है जिसमें वह गांधी के करीबी सहयोगी से ऐसे बड़े राष्ट्रीय नेता बने जिन्होंने जनता और राजनीतिक आंदोलनों – दोनों पर प्रभावी रूप से छाप छोड़ी।
यह किताब उनके जीवन के अहम पलों को दर्शाती है जैसे खेड़ा आंदोलन का संकल्प, बारदोली की जीत, जेल में बिताए उनके साल और कांग्रेस में उनकी अहम भूमिका। यह किताब उन तनावों और आपसी होड़ के बारे में भी बताती है जिन्होंने उनके समकालीन नेताओं के साथ उनके संबंधों को आकार दिया।
प्रकाशक ने एक बयान में कहा, ‘‘कहानी के केंद्र में बंटवारे के बाद पटेल का असाधारण योगदान है। उस समय हिंसा चरम पर थी और प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई थी लेकिन उन्होंने इस अराजकता के माहौल में व्यवस्था कायम की।’’
प्रकाशक ने कहा, ‘‘उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 500 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय रही है, जो इतिहास में राजनीतिक एकीकरण के सबसे महान कार्यों में से एक है।’’
यह पुस्तक ‘ऑनलाइन प्री-ऑर्डर’ के लिए उपलब्ध है।
भाषा सुरभि अविनाश
अविनाश

Facebook


