ओमान के कसाब बंदरगाह पर हमले में लापता हुए नागौर के युवक की तलाश जारी

ओमान के कसाब बंदरगाह पर हमले में लापता हुए नागौर के युवक की तलाश जारी

ओमान के कसाब बंदरगाह पर हमले में लापता हुए नागौर के युवक की तलाश जारी
Modified Date: March 5, 2026 / 09:37 pm IST
Published Date: March 5, 2026 9:37 pm IST

जयपुर, पांच मार्च (भाषा) ओमान के पास एक तेल टैंकर पर हमले के बाद से लापता हुए एक राजस्थानी युवक की अनिश्चित स्थिति ने नागौर जिले में उसके परिवार को चिंता और शोक में डुबो दिया है।

खींवताना गांव का निवासी दलीप सिंह एक मार्च से लापता है, जब निजी कंपनी का एक जहाज ओमान के कसाब बंदरगाह के पास ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष के दौरान निशाना बना था।

दलीप ने 22 जनवरी को जहाज पर ‘ड्यूटी’ ज्वाइन’ की थी। हमले के समय वह जहाज के अग्रभाग में बिहार के अशोक कुमार के साथ मौजूद था। अशोक का शव मिल गया है, लेकिन दलीप का कुछ पता नहीं चल पाया है।

दलीप के गांव में हर घंटे के साथ बेचैनी बढ़ रही है। रिश्तेदार आकर जाकर सांत्वना दे रहे हैं लेकिर परिवार आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार कर रहा है।

दलीप के चचेरे भाई देवेंद्र सिंह ने बताया, “आज भारतीय दूतावास से कॉल आयी। अधिकारी ने बताया कि अशोक कुमार की पहचान हो गई है, लेकिन दलीप की तलाश अभी जारी है।”

कंपनी अधिकारियों ने भी परिवार को आश्वस्त किया है कि खोज अभियान जारी है। हालांकि, जहाज पर मौजूद नागौर के ही एक अन्य व्यक्ति सुनील कुमार ने संकेत दिया है कि हो सकता है कि दलीप भी हमले में मारा गया हो।

देवेंद्र ने कहा, “सुनील ने हमें संकेत दिए हैं, लेकिन जब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, हम उम्मीद बनाए हुए हैं।”

दलीप की मां हमले की खबर आने के बाद से रो-रोकर बेहाल हैं, जबकि उसके पिता अनिश्चितता से जूझ रहे हैं। दलीप के पिता हृदय रोगी हैं और उनकी नेत्रदृष्टि कमजोर हैं।

छोटा भाई मनोज कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।

परिवार ने बताया कि दलीप अविवाहित था और घर का अकेला कमाने वाला सदस्य था। हाल में उसकी शादी की चर्चा शुरू हुई थी और अगली छुट्टी में विवाह की योजना बनाई जा रही थी।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में