पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास, राज्य सचिवालय के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास, राज्य सचिवालय के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
कोलकाता, चार मई (भाषा) लोगों का एक समूह सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास पहुंच गया और “जय श्री राम” के नारे लगाए, जिसके बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दोपहर 3:30 बजे तक हुई मतगणना में भाजपा राज्य की कुल 294 विधानसभा सीट में से 195 पर आगे है, जबकि ममता के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को 92 सीट पर बढ़त हासिल है।
अधिकारी ने कहा, “हमें सूचना मिली कि कुछ लोग ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास और राज्य सचिवालय पहुंचे तथा नारे लगाए, जिसके बाद वहां केंद्रीय बलों को तैनात कर दिया गया है। हम कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं चाहते।”
उन्होंने कहा, “हम कोई जोखिम नहीं लेंगे और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
निर्वाचन आयोग ने राज्य पुलिस को सोमवार को किसी भी राजनीतिक दल को विजय रैली के आयोजन की अनुमति न देने का निर्देश दिया है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखना है। राज्य में मंगलवार को विजय रैली निकालने की अनुमति होगी।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


