फतेहपुर में निजी वाहन यार्ड में भीषण आग लगने से 12 ट्रक समेत कई वाहन जलकर खाक

फतेहपुर में निजी वाहन यार्ड में भीषण आग लगने से 12 ट्रक समेत कई वाहन जलकर खाक

फतेहपुर में निजी वाहन यार्ड में भीषण आग लगने से 12 ट्रक समेत कई वाहन जलकर खाक
Modified Date: May 26, 2026 / 07:40 pm IST
Published Date: May 26, 2026 7:40 pm IST

कानपुर (उप्र), 26 मई (भाषा) फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र के सौरा गांव में मंगलवार दोपहर एक निजी वाहन यार्ड में भीषण आग लगने से कम से कम 12 ट्रक, और कई अन्य वाहन जलकर खाक हो गए। दमकल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

यह आग सौरा गांव में स्थित एक यार्ड में लगी जहां फाइनेंस कंपनियों द्वारा जब्त किए गए ट्रक और ऑटो-रिक्शा समेत 100 से अधिक वाहन खड़े थे।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 11 किलोवाट की हाईटेंशन बिजली की लाइन टूटकर पास के खेत में गिर गई, जिससे सूखी वनस्पति में आग लग गई और वह तेजी से यार्ड में फैल गई।

कुछ ही मिनटों में लपटों ने वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। काले धुएं का गुबार देखकर मजदूरों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई।

यार्ड कर्मी राजीव पटेल ने पुलिस को बताया कि जब आग लगी उस वक्त वहां 6-7 कर्मचारी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि ‘यार्ड में पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी, इसलिए हम आग पर काबू नहीं पा सके।’’

पुलिस के अनुसार, आग में करीब 12 ट्रक, दो पिकअप वाहन और कई अन्य भारी वाहन पूरी तरह जल गए। यार्ड संचालकों के अनुसार आग से 2.5 करोड़ से तीन करोड़ रुपये के बीच नुकसान हुआ है।

एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यार्ड के पास अग्निशमन विभाग का अनिवार्य अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं था। इससे सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (फतेहपुर) जसवीर सिंह ने बताया कि कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब 90 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

उन्होंने बताया ‘प्रथम दृष्टया आग हाईटेंशन तार टूटने से लगी प्रतीत होती है। सटीक कारण की जांच की जा रही है।’’

भाषा सं आनन्द पारुल शोभना

शोभना


लेखक के बारे में