गोवा में यौन शोषण की जांच अपराध शाखा को सौंपी गई; केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा

गोवा में यौन शोषण की जांच अपराध शाखा को सौंपी गई; केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा

गोवा में यौन शोषण की जांच अपराध शाखा को सौंपी गई; केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा
Modified Date: March 24, 2026 / 04:57 pm IST
Published Date: March 24, 2026 4:57 pm IST

पणजी, 24 मार्च (भाषा) गोवा में लड़कियों के कथित यौन शोषण मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई है। इस मामले में एक भाजपा पार्षद के बेटे को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़िताओं में से कोई भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आई है, लेकिन कुर्चोरेम पुलिस की अपराध शाखा उनसे संपर्क करेगी।

कुशावती जिले की कुर्चोरेम पुलिस ने लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाने और प्रसारित करने के आरोप में 22 मार्च को स्थानीय पार्षद सुशांत नाइक के 20 वर्षीय बेटे सोहम नाइक को यौन अपराधों से बच्चों संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और गोवा बाल अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था।

इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ पार्टी की आलोचना की।

उन्होंने कहा, “भाजपा में किस तरह के शैतान भरे पड़े हैं? गोवा में एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है, जहां भाजपा पार्षद का बेटा तीन साल तक 30 नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करता रहा, उनका वीडियो बनाता रहा और उन्हें ब्लैकमेल करता रहा। भाजपा ने गोवा में लोगों की जिंदगी नरक बना दी है। हर कोई डर के साये में जी रहा है।’’

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ऐसे राक्षसों को संरक्षण देना समाज के लिए घातक है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और पीड़िताओं को न्याय मिलना चाहिए। किसी भी राक्षस को दोबारा ऐसा करने के बारे में सोचने की भी हिम्मत नहीं करनी चाहिए।’’

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में