शाह छह मार्च को भुवनेश्वर में आपराधिक कानूनों पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे
शाह छह मार्च को भुवनेश्वर में आपराधिक कानूनों पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे
भुवनेश्वर, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को यहां ओडिशा पुलिस द्वारा नए आपराधिक कानूनों पर आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने यह जानकारी दी।
डीजीपी ने संवाददाताओं को बताया कि ‘न्याय संहिता प्रदर्शनी’ का उद्देश्य भारत में आपराधिक कानूनों में हुए सुधारों और आपराधिक न्याय प्रणाली के रूपांतरण के बारे में जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उपस्थित रहेंगे।
खुरानिया ने कहा, इससे नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों – भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) को समझने में मदद मिलेगी, जो स्वतंत्र भारत में आपराधिक कानूनों के सबसे व्यापक सुधार का प्रतिनिधित्व करते हैं।
एक जुलाई 2024 को लागू हुए इन नए कानूनों ने भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम से युक्त पूर्व के औपनिवेशिक काल के कानूनी ढांचे का स्थान ले लिया।
यह प्रदर्शनी सात मार्च से 10 मार्च तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
डीजीपी ने बताया कि शाह डिजिटल माध्यम से 20 नए साइबर पुलिस थानों का भी उद्घाटन करेंगे।
ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर शाह बृहस्पतिवार शाम को यहां पहुंचेंगे और कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश

Facebook


