‘स्मार्ट’ सीमाओं के लिए उन्नत भूमि पत्तन प्रबंधन प्रणाली की शुरुआत करेंगे शाह
‘स्मार्ट’ सीमाओं के लिए उन्नत भूमि पत्तन प्रबंधन प्रणाली की शुरुआत करेंगे शाह
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को भूमि पत्तन प्रबंधन प्रणाली (एलपीएमएस) की शुरुआत करेंगे जो ऐसा डिजिटल मंच है जिसे सभी भूमि बंदरगाहों के परिचालन को एक एकीकृत प्रणाली में संयोजित करने के लिए बनाया गया है।
सरकार के एक बयान में कहा गया कि शाह डॉकी (मेघालय) और श्रीमंतपुर (त्रिपुरा) भूमि पत्तनों पर हितधारकों के लिए नवनिर्मित आवास सुविधाओं का भी उद्घाटन करेंगे।
बयान के अनुसार, एलपीएमएस सरकारी एजेंसियों और निजी संचालकों सहित विभिन्न हितधारकों के बीच निर्बाध समन्वय को आसान बनाएगा जिससे विलंब में कमी आएगी और परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी।
यह प्रणाली माल और यात्रियों से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और सुरक्षित बनाएगी। इसके तहत ‘स्लॉट बुकिंग’, भुगतान, सामान या प्रक्रिया की निगरानी और एकल खिड़की के जरिए मंजूरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
गृह मंत्रालय के बयान में कहा गया, ‘‘ ‘इंडियन कस्टम्स इलेक्ट्रॉनिक गेटवे’ (आइसगेट), ‘यूनिफाइड लॉजिस्टिक्स इंटरफेस प्लेटफॉर्म’ (यूएलआईपी) और मोटर वाहन पारिस्थितिकी तंत्र जैसे प्रमुख राष्ट्रीय मंचों के साथ पूरी तरह एकीकृत एलपीएमएस परस्पर संचालित, दक्ष और पारदर्शी सीमा प्रबंधन को सक्षम बनाएगा।’’
बयान में कहा गया कि यह मंच साजो-सामान संबंधी और नियामकीय सूचनाओं के सुरक्षित एवं तत्काल आदान-प्रदान की सुविधा देता है। इससे भूमि पत्तनों को हवाई अड्डों और समुद्री बंदरगाहों पर संचालित डिजिटल प्रणालियों के समान स्तर पर लाया जा सकेगा।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह पहल ‘स्मार्ट’ सीमा प्रबंधन के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है जिसका उद्देश्य अत्याधुनिक तकनीकी समाधानों के माध्यम से सीमा पार व्यापार और यात्रियों की आवाजाही को अधिक कुशल, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है।
भाषा
सिम्मी नरेश
नरेश

Facebook


