बेंगलुरु, छह जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि राज्यसभा की तीन और विधान परिषद की पांच सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर दिए गए हैं।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमने (कांग्रेस) सभी पांच उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए तीन उम्मीदवार और विधान परिषद चुनाव के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में उतारे गए हैं।’’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को यहां विधान सौध में कर्नाटक से राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
शिवकुमार ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है। उनके साथ-साथ कांग्रेस सचिव और युवा नेता मंसूर अली खान को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विधान परिषद की सभी पांच सीट के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अवसर दिया गया है।’’
बी के हरिप्रसाद, टी कामकनूर, पी वी मोहन, शिवन्ना मल्लवल्ली और विनय कार्तिक को विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस बयान पर कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री परिवर्तन सिद्धरमैया सरकार के प्रति जनता के गुस्से के कारण हुआ, शिवकुमार ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे शुभकामनाएं दी हैं। मैं उनका आभारी हूं। मैं जाऊंगा और उनसे सम्मानपूर्वक मिलूंगा। उन्हें राजनीति करने की जरूरत नहीं है, और हमें भी राजनीति करने की जरूरत नहीं है। आइए हम सब मिलकर वह कार्य करें जो राज्य की जनता के कल्याण के लिए करने जरूरी हैं।’’
भाषा शफीक संतोष
संतोष