कांग्रेस आलाकमान के राज्यसभा सीट के प्रस्ताव को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया:सिद्धरमैया

कांग्रेस आलाकमान के राज्यसभा सीट के प्रस्ताव को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया:सिद्धरमैया

कांग्रेस आलाकमान के राज्यसभा सीट के प्रस्ताव को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया:सिद्धरमैया
Modified Date: May 28, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: May 28, 2026 7:35 pm IST

बेंगलुरु, 28 मई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उन्होंने कांग्रेस आलाकमान द्वारा दी गई राज्यसभा सीट का प्रस्ताव ‘विनम्रतापूर्वक अस्वीकार’ कर दिया।

सिद्धरमैया ने कहा कि वह वरुणा विधानसभा क्षेत्र के विधायक के रूप में शेष दो वर्षों तक सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे।

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘आलाकमान ने मुझे राज्यसभा जाने के लिए कहा। मैंने इसे विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया। मुझे राष्ट्रीय राजनीति में कोई रुचि नहीं है।’’

उन्होंने यहां लोक भवन में राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपने के तुरंत बाद अपने आवासीय कार्यालय ‘कृष्णा’ में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया और कहा कि वह राज्य की राजनीति से जुड़े रहेंगे।

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘ मैं राज्य की राजनीति में ही रहूंगा। लोगों ने मुझे पांच साल के लिए चुना है और अभी दो साल बाकी हैं। तब तक मैं कर्नाटक के लोगों और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए काम करता रहूंगा।’’

राजनीतिक भविष्य के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि वह राजनीति में सक्रिय रहेंगे और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।

जब उनसे उनके इस्तीफे के असली कारण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह शुरू से ही कहते रहे हैं कि जब भी आलाकमान उनसे इस्तीफा देने को कहेगा, वह पद छोड़ देंगे।

जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई दबाव था, तो उन्होंने कहा, ‘‘कैसा दबाव? जैसे ही उन्होंने (आलाकमान ने) मुझसे ऐसा करने को कहा मैंने इस्तीफा दे दिया।’’

भाषा शोभना नरेश

नरेश


लेखक के बारे में