सिक्किम की पर्वतारोही छिरिंग चोडेन ने रूस की माउंट एल्ब्रस चोटी फतह की
सिक्किम की पर्वतारोही छिरिंग चोडेन ने रूस की माउंट एल्ब्रस चोटी फतह की
गंगटोक, पांच जुलाई (भाषा) सिक्किम की पर्वतारोही छिरिंग चोडेन ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस (5,642 मीटर) पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया है। इसके साथ ही उन्होंने दुनिया की सात सबसे ऊंची चोटियों को फतह करने के ‘सेवन समिट्स’ अभियान में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
अधिकारियों ने बताया कि चोडेन रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:30 बजे रूस में स्थित इस चोटी के शिखर पर पहुंचीं।
गंगटोक के चोंगय की रहने वाली 37 वर्षीय पर्वतारोही ने इससे पहले अगस्त 2025 में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर भी फतह हासिल की थी।
वह दक्षिण सिक्किम के चेमचेय स्थित ‘इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इको-टूरिज्म’ (आईएचसीएई) से ‘बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स’ की स्नातक हैं।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘यह सफल चढ़ाई उनकी पर्वतारोहण यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और उन्हें प्रतिष्ठित ‘सेवन समिट्स’ चुनौती को पूरा करने के एक कदम और करीब ले जाती है।’
दो महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करने के बाद चोडेन अब दुनिया की सबसे कठिन पर्वतारोहण चुनौतियों में से एक को पूरा करने वाले दिग्गज पर्वतारोहियों की सूची में शामिल होने के और करीब पहुंच गई हैं।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


