सीमा पार के कुछ तत्व जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने का प्रयास कर रहे : उपराज्यपाल

Ads

सीमा पार के कुछ तत्व जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने का प्रयास कर रहे : उपराज्यपाल

  •  
  • Publish Date - June 6, 2022 / 08:54 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:03 PM IST

श्रीनगर, छह जून (भाषा) उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को यहां कहा कि सीमा पार के कुछ तत्व लगातार जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद अब अपने अंतिम चरण में है।

स्मार्ट सिटी योजना के तहत कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा कि प्रशासन और सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं और ऐसे तत्वों को कामयाब नहीं होने देंगे।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘कश्मीर के लोग सबकुछ समझते हैं और धर्म गुरुओं समेत तमाम लोगों ने खुले तौर पर ऐसे (हिंसा के) कृत्यों की निंदा की है। दीया बुझने से पहले तेजी से फड़फड़ाता है। यह (आतंकवाद) अपने अंतिम चरण में है लेकिन वे उन दिनों की वापसी का प्रयास कर रहे हैं (जब आतंकवाद चरम पर था)। प्रशासन और सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं।’’

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की सोच में बड़ा बदलाव आ चुका है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘सीमा पार के कुछ तत्व लगातार जम्मू-कश्मीर की शांति भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। पर्यटकों का बड़ी संख्या में आना (घाटी में) और अर्थव्यवस्था में प्रगति, ऐसे तत्वों के हित में नहीं है। यहां के लोगों को यह समझना होगा और मुझे लगता है कि हमारी रणनीति सफल होगी।’’

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप