परिसीमन के बाद दक्षिणी राज्यों को अधिक सीटें मिलेंगी : तेजस्वी सूर्या
परिसीमन के बाद दक्षिणी राज्यों को अधिक सीटें मिलेंगी : तेजस्वी सूर्या
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने बृहस्पतिवार को विपक्ष पर महिला आरक्षण कानून में संशोधन से संबंधित विधेयकों पर जनता को गुमराह करने के लिए दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया और दावा किया कि परिसीमन के बाद दक्षिणी राज्यों को अधिक सीटें मिलेंगी।
संबंधित विधेयकों पर लोकसभा में चर्चा में भाग लेते हुए बेंगलुरु दक्षिण सीट से सांसद सूर्या ने कहा कि दक्षिणी और छोटे राज्य, जिन्होंने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित किया है, उन्हें सरकार द्वारा प्रस्तावित सीटों से बेहतर सीटें नहीं मिल सकतीं।
उन्होंने कहा कि 2023 में जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम सर्वसम्मति से पारित किया गया था, तब सभी पार्टी सहमत थे कि यह जनगणना और परिसीमन के बाद लागू होगा। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज विपक्ष ने यूटर्न ने ले लिया और वे इस संशोधन विधेयक का विरोध कर रहे हैं।’’
सूर्या ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में विपक्षी सदस्यों द्वारा दक्षिण भारत के लोगों को गुमराह करने के लिए सुनियोजित दुष्प्रचार देखने को मिला है।
भाजपा सांसद ने कहा कि विधेयक पारित होने के बाद दक्षिणी राज्यों की कुल हिस्सेदारी 23.9 प्रतिशत बनी रहेगी और परिसीमन के बाद दक्षिणी राज्यों को अधिक सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर शासन, बेहतर जवाबदेही और बेहतर पहुंच के लिए परिसीमन एक संवैधानिक कर्तव्य है, जिसका निवर्हन आज नरेन्द्र मोदी सरकार कर रही है।
उन्होंने ‘वन रैंक वन पेंशन’ (ओआरओपी) योजना को लागू करने और अनुच्छेद 370 को समाप्त करने संबंधी मोदी सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा टाल-मटोल करने की नीति में यकीन रखती है जबकि भाजपा शासन अतीत की समस्याओं को हल करने में विश्वास करता है।
भाजपा सांसद ने कहा कि यदि विपक्ष इन विधेयकों के खिलाफ वोट करता है तो देश के लोग, देश की महिलाएं और दक्षिण भारत उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
भाषा सुभाष माधव
माधव

Facebook


