राजस्थान में तपेदिक के खिलाफ विशेष अभियान, 19 लाख लोगों की जांच

राजस्थान में तपेदिक के खिलाफ विशेष अभियान, 19 लाख लोगों की जांच

राजस्थान में तपेदिक के खिलाफ विशेष अभियान, 19 लाख लोगों की जांच
Modified Date: May 28, 2026 / 07:55 pm IST
Published Date: May 28, 2026 7:55 pm IST

जयपुर, 28 मई (भाषा) राजस्थान में तपेदिक (टीबी) रोग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक करीब 19 लाख लोगों की स्क्रीनिंग (जांच) की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, ‘टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवसीय विशेष अभियान’ के तहत राजस्थान ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष 24 मार्च से शुरू हुए अभियान के दौरान मात्र दो माह में राज्य में लगभग 19 लाख लोगों की जांच की गई।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने एक बयान में कहा कि राज्य में 24 मार्च से 11,328 उच्च जोखिम वाले गांवों और वार्डों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक करीब पांच हजार आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 18.93 लाख से अधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। समय पर और सटीक जांच सुनिश्चित करने के लिए 16.51 लाख ‘चेस्ट एक्स-रे’ और 1.41 लाख से अधिक ‘एनएएटी’ जांचें कराई गईं।

खींवसर ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 32,102 नए टीबी मरीजों की पहचान की गई, जिनमें 10,457 ऐसे मरीज शामिल हैं, जिनमें किसी प्रकार के लक्षण नहीं थे।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राजस्थान टीबी मुक्त बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “टीबी मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘निरामय राजस्थान’ के विजन के तहत टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग, शीघ्र जांच, जनजागरूकता, पोषण सहायता और सामुदायिक सहभागिता को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी, तकनीक और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर टीबी के खिलाफ इस लड़ाई को हर हाल में जीता जाएगा।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत


लेखक के बारे में