सप्ताहांत में पर्यटकों की संभावित भीड़ के मद्देनजर देहरादून में विशेष यातायात योजना
सप्ताहांत में पर्यटकों की संभावित भीड़ के मद्देनजर देहरादून में विशेष यातायात योजना
देहरादून, 22 मई (भाषा) देहरादून जिला पुलिस ने स्कूलों की छुट्टियां होने तथा प्रचंड गर्मी में बड़ी संख्या में पर्यटकों के मसूरी और चकराता जैसे ठंडे स्थानों की ओर जाने की संभावना के मद्देनजर आगामी सप्ताहांत के लिए विशेष यातायात योजना बनायी है।
पुलिस ने बताया कि विभिन्न राज्यों तथा जिलों से देहरादून शहर होते हुए मसूरी, ऋषिकेश, चकराता आदि स्थानों पर पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यह यातायात योजना तैयार की गयी है जो 23 और 24 मई को लागू रहेगी।
उसने बताया कि सप्ताहांत, प्रचंड गर्मी, स्कूलों की छुट्टियां, हेमकुंड साहिब के शनिवार को कपाट खुलने, जारी चारधाम यात्रा, ऋषिकेश एवं आसपास के क्षेत्रों में राफ्टिंग तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सुविधा आदि कई कारणों से सप्ताहांत में बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना है।
पुलिस के मुताबिक, शहर में यातायात संचालन को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मसूरी, चकराता आने-जाने वाले वाहनों के लिए मार्गों को चार सुपर जोन में विभाजित करते हुए कुल 130 अधिकारियों की तैनाती की गयी है। इसके अलावा, दो ड्रोन दलों के माध्यम से मसूरी, देहरादून शहर एवं मसूरी के सभी मार्गों पर नजर रखी जायेगी।
पुलिस ने बताया कि इसके अलावा, शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की संख्या एवं दबाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन योजना भी लागू की जाएगी।
पिछले सप्ताहांत मसूरी, चकराता, ऋषिकेश जाने के लिए देहरादून शहर से 45,000 से अधिक वाहन गुजरे थे।
भाषा दीप्ति गोला
गोला

Facebook


