महिलाओं को ऑनलाइन निशाना बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये: माझी
महिलाओं को ऑनलाइन निशाना बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये: माझी
भुवनेश्वर, 19 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पुलिस को इंटरनेट पर महिलाओं को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
साइबर सुरक्षा पर राज्य स्तरीय जागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए माझी ने घोषणा की कि उनकी सरकार राज्य में 20 नये साइबर थाने स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा, ‘यह गंभीर चिंता का विषय है कि महिलाएं और लड़कियां इंटरनेट पर ब्लैकमेल और मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो रही हैं। मैं ओडिशा पुलिस को ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देता हूं। अगर ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की नयी रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा में 2023 में महिलाओं को निशाना बनाकर किए गए साइबर अपराध के 761 मामले दर्ज किए गए, जिनमें आपत्तिजनक सामग्री साझा करना, ब्लैकमेल करना और मानहानि जैसे अपराध शामिल थे। राज्य में 2022 में ऐसे 542 मामले दर्ज किए गए।
माझी ने कहा कि साइबर अपराध देशभर में सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है और जन जागरूकता ही इससे निपटने का सबसे शक्तिशाली तरीका है।
उन्होंने शनिवार को कार्यक्रम में कहा कि लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए सभी जिलों में अभियान चलाए जाएंगे।
माझी ने कहा, ‘राज्य में जल्द ही 20 नए साइबर थाने शुरु चालू हो जाएंगे। इसके साथ ही मौजूदा 14 साइबर थानों के आधुनिकीकरण के लिए भी कदम उठाए गए हैं।’
उन्होंने कहा, ‘इस उद्देश्य के लिए 1,127 पुलिसकर्मियों और 170 तकनीकी विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी।’
माझी ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों से निपटने के लिए अपराध शाखा के अंतर्गत एक राज्य स्तरीय कमान सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने 16 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिलों में साइबर अपराधों के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करेंगे।
भाषा
शुभम देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


