देर से घर से निकलने और लंबा रास्ता लेने के कारण छात्रा नीट परीक्षा से चूकी : बेंगलुरु यातायात पुलिस
देर से घर से निकलने और लंबा रास्ता लेने के कारण छात्रा नीट परीक्षा से चूकी : बेंगलुरु यातायात पुलिस
बेंगलुरु, 23 जून (भाषा) बेंगलुरु यातायात पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसकी ‘‘तथ्यान्वेषी जांच’’ से पता चला है कि एक छात्रा 21 जून को आयोजित नीट परीक्षा में देर से घर से निकलने और अपेक्षाकृत लंबा मार्ग चुनने के कारण शामिल नहीं हो सकी।
पुलिस ने बताया कि यह निष्कर्ष सीसीटीवी फुटेज, आर. टी. नगर क्षेत्र की अभ्यर्थी और उसके अभिभावकों से बातचीत तथा मार्ग विश्लेषण के आधार पर निकाला गया है।
यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि सीसीटीवी विश्लेषण और मार्ग सत्यापन से यह स्थापित हुआ है कि नीट अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद परीक्षा केंद्र पहुंची थी।
पुलिस ने कहा, ‘‘यातायात की स्थिति सामान्य पाई गई और आवश्यकता पड़ने पर यातायात पुलिस कर्मियों ने आवागमन सुगम बनाने में सहायता की। परीक्षा छूटने का मुख्य कारण घर से देर से निकलना और मार्ग का चयन था।’’
तथ्यान्वेषी जांच का विवरण साझा करते हुए पुलिस ने बताया कि अभ्यर्थी दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर आर. टी. नगर स्थित अपने घर से निकली थी, जबकि परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अंतिम निर्धारित समय-सीमा अपराह्न एक बजकर 30 मिनट थी।
पुलिस के अनुसार, अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र क्षेत्र में अपराह्न एक बजकर 33 मिनट पर पहुंची, जो निर्धारित समय-सीमा के बाद था।
यातायात पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और मार्ग विश्लेषण से पुष्टि हुई है कि अभ्यर्थी अंतिम समय-सीमा से केवल 33 मिनट पहले घर से निकली थी।
पुलिस ने बताया कि विश्लेषण से यह भी संकेत मिला है कि अभ्यर्थी ने उपलब्ध छोटे मार्ग की बजाय अपेक्षाकृत लंबा मार्ग चुना, जबकि छोटे मार्ग से वह जल्दी पहुंच सकती थी।
तथ्यान्वेषी जांच रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘उस दिन यातायात की स्थिति सामान्य थी और किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के कारण कोई बड़ा जाम नहीं था। मार्ग पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों ने आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थी की आवाजाही सुगम बनाने में मदद की।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नीट परीक्षा वाले दिन (21 जून) बेंगलुरु में कांग्रेस की विशाल रैली आयोजित करने को लेकर राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा था। भाजपा का आरोप था कि रैली के कारण यातायात बाधित हुआ और परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए राज्य के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा कि तीन छात्राएं परीक्षा से वंचित रही थीं। उन्होंने कहा कि इनमें से एक छात्रा मगडी से आयी थी, जिसका कांग्रेस रैली से कोई संबंध नहीं था, दूसरे अभ्यर्थी के पास पुराना प्रवेश पत्र था और केवल एक अभ्यर्थी आर. टी. नगर क्षेत्र से आयी थी।
खरगे ने केंद्र सरकार द्वारा नीट के लिए जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का हवाला देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के द्वार पूर्वाह्न 11 बजे खोले गए थे और अपराह्न 1:30 बजे बंद कर दिए गए थे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
उन्होंने कहा कि यातायात संबंधी परामर्श पहले ही जारी कर दिया गया था और सहायता की आवश्यकता वाले लोगों के लिए हेल्पलाइन भी स्थापित की गई थी।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप

Facebook


