आंध्र प्रदेश में ‘अंधविश्वासी’ दंपति को मनोवैज्ञानिक जांच के लिए अस्पताल भेजा गया

आंध्र प्रदेश में ‘अंधविश्वासी’ दंपति को मनोवैज्ञानिक जांच के लिए अस्पताल भेजा गया

आंध्र प्रदेश में ‘अंधविश्वासी’ दंपति को मनोवैज्ञानिक जांच के लिए अस्पताल भेजा गया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:28 pm IST
Published Date: January 28, 2021 10:46 am IST

चित्तूर (आंध्र प्रदेश), 28 जनवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश में कथित तौर पर अंधविश्वास के कारण अपनी दो बेटियों की हत्या करने वाले एक बुजुर्ग दंपति को मनोवैज्ञानिक जांच और इलाज के लिए तिरुपति स्थित एक सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया गया है।

वी पुरुषोत्तम और उनकी पत्नी पद्मजा को मंगलवार को मदनपल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इन दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

पुरुषोत्तम, विज्ञान में डॉक्टरेट हैं और पद्मजा ने स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल की है तथा उन्होंने स्वर्ण पदक भी हासिल किया था।

मदनपल्ली उप जेल के अधीक्षक रामकृष्ण यादव के अनुसार एक चिकित्सक ने बुधवार को दंपति की जांच की थी और कहा था कि माता-पिता अंधविश्वास से पीड़ित हो सकते हैं और उनके मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य का आकलन किये जाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने चिकित्सक की राय के बारे में एक स्थानीय अदालत को सूचित किया। अदालत ने कहा कि यदि आवश्यक हो तो जेल प्रशासन जांच और उपचार के लिए उन्हें अस्पताल भेजने का निर्णय ले सकता है।’’

यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इसलिए हम उन्हें तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर रामनारायण रुइया सरकारी अस्पताल भेज रहे हैं।’’

गौरतलब है कि दंपति ने कथित तौर पर अंधविश्वास के कारण 25 जनवरी को मदनपल्ली में 20 से 25 साल की उम्र की अपनी दो बेटियों की ‘हत्या’ कर दी थी।

भाषा

देवेंद्र सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में