सूरजकुंड मेला हादसा: झूला संचालक व कर्मचारियों पर प्राथमिकी दर्ज
सूरजकुंड मेला हादसा: झूला संचालक व कर्मचारियों पर प्राथमिकी दर्ज
फरीदाबाद, आठ फरवरी (भाषा) फरीदाबाद पुलिस ने सूरजकुंड मेला परिसर में विशाल झूले ‘सुनामी’ के टूटकर गिरने के कारण ड्यूटी पर तैनात एक निरीक्षक की मौत और 11 अन्य लोगों के घायल होने के मामले में झूला संचालक और उसके कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ सूरजकुंड थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह हादसा शनिवार शाम सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के दौरान हुआ। घटना के समय करीब 19 लोग ‘सुनामी’ झूले पर सवार थे जो अचानक हवा में झुक गया और फिर टूटकर जमीन पर गिर पड़ा।
इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्ष 1989 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए निरीक्षक जगदीश प्रसाद 36 वर्षों की सेवा पूरी कर मार्च में सेवानिवृत्त होने वाले थे और उन्होंने झूले में फंसे लोगों को बचाने का साहसिक प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में मुख्य आरोपी बनाए गए व्यक्ति की पहचान हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला निवासी मोहम्मद शाकिर के रूप में हुई है जो ‘हिमाचल फन केयर’ का मालिक है। इसी कंपनी द्वारा संबंधित झूला संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि एसआईटी का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त (अपराध) मुकेश कुमार कर रहे हैं, जबकि सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण दहिया और सूरजकुंड थाने के उपनिरीक्षक संजय कुमार इसके सदस्य हैं।
एसआईटी को घटना की विस्तृत जांच करने, संभावित लापरवाही की जिम्मेदारी तय करने और सुरक्षा मानकों के पालन का आकलन करने का दायित्व सौंपा गया है।
सहायक उपनिरीक्षक सन्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह घटना के समय निरीक्षक प्रसाद के साथ मेला परिसर में मौजूद थे। शिकायत में कहा गया कि कई लोग ‘सुनामी’ झूले पर झूल रहे थे और उसी दौरान झूला अचानक टूट गया। इसमें कहा गया कि प्रसाद फंसे लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे थे कि तभी झूला एक ओर से पूरी तरह टूटकर प्रसाद के ऊपर गिर गया।
शिकायत में कहा गया, ‘‘निरीक्षक की मौत ‘हिमाचल फन केयर’ के मालिक मोहम्मद शाकिर और उसके कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने व लोगों की जान को जानबूझकर खतरे में डालने के कारण हुई।”
जिला प्रशासन ने कहा कि जांच पूरी होने तक झूला क्षेत्र को बंद रखा जाएगा, जबकि सूरजकुंड मेला रविवार को जारी रहेगा।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


