असम के नागांव में पुलिस के साथ मुठभेड़ में संदिग्ध लुटेरे की मौत
असम के नागांव में पुलिस के साथ मुठभेड़ में संदिग्ध लुटेरे की मौत
नागांव, 26 मई (भाषा) असम के नागांव जिले में मंगलवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक संदिग्ध लुटेरा कथित तौर पर मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नागांव के एसएसपी पार्थ प्रतिम दास ने कहा कि पुलिस को लुटेरों के एक गिरोह के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी कि वे कथित तौर पर जिले में एक और डकैती की योजना बना रहे है।
उन्होंने संवाददाताओ को बताया कि नागांव पुलिस स्टेशन की एक टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांगालू पुलिस चौकी क्षेत्र के बोरकंडाली-मिकिरपार गांव में एक अभियान चलाया।
पुलिस टीम को देखकर पांच संदिग्ध लुटेरों ने भागने की कोशिश की और पीछा करने के दौरान एक संदिग्ध ने कथित तौर पर पुलिस कर्मियों पर गोली चला दी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने आत्मरक्षा के अपने कानूनी अधिकार का प्रयोग करते हुए नियंत्रित गोलीबारी की जिसमें संदिग्ध घायल हो गया। उसे तुरंत नागांव मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान लखीमपुर शहर के थाना रोड निवासी खैरुल अली उर्फ मोनी के रूप में हुई है ।
पुलिस ने बताया कि वह पिछले महीने हुई मारिकलोंग डकैती के मामले का कथित मास्टरमाइंड था, जिसमें एक डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी पत्नी की चोटों के कारण मौत हो गई।
भाषा वैभव
वैभव

Facebook


