श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बंगाल के हर घर में मिलेगा सम्मान : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बंगाल के हर घर में मिलेगा सम्मान : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बंगाल के हर घर में मिलेगा सम्मान : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
Modified Date: July 6, 2026 / 03:22 pm IST
Published Date: July 6, 2026 3:22 pm IST

कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सोमवार को कहा कि जिस सम्मान के साथ राज्य के सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ गाया जाता है, डॉ. मुखर्जी को भी बंगाल के हर घर में उसी सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने डॉ. मुखर्जी के देश के प्रति योगदान को लोगों के सामने नहीं रखा। उन्होंने दावा किया कि डॉ. मुखर्जी की मुख्य भूमिका के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना।

उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह स्कूलों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाया जाता है, उसी तरह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी राज्य के हर घर में सम्मान दिलाया जाएगा।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्य कोलकाता स्थित प्रदेश कार्यालय में डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह जानना जरूरी है कि पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने में डॉ. मुखर्जी ने कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में वाम मोर्चे के 34 वर्ष के शासन और तृणमूल कांग्रेस सरकार के 15 वर्षों के दौरान डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र के प्रति योगदान को लोगों के सामने नहीं लाया गया।

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी की भूमिका के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना, अन्यथा यह तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान और वर्तमान बांग्लादेश का हिस्सा होता।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उस स्थिति में क्या होता, इसकी कल्पना आज सोशल मीडिया पर सामने आ रही अनेक पोस्ट और खबरों के माध्यम से की जा सकती है।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद के विचारों के अनुरूप काम करेगी।

छह जुलाई, 1901 को जन्मे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 23 जून, 1953 को श्रीनगर में हिरासत के दौरान निधन हो गया था।

डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर के भारत के साथ पूर्ण एकीकरण की मांग करते हुए अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का अभियान चलाया था। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया।

भाषा

खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में