श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया : मुख्यमंत्री सैनी
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया : मुख्यमंत्री सैनी
पठानकोट, पांच जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया तथा जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के साथ ही उनका सपना साकार हुआ।
पंजाब के पठानकोट में मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि मुखर्जी ने अपना जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में प्रवेश के लिए परमिट प्रणाली का विरोध किया और नारा दिया, “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे।”
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को हटाकर मुखर्जी का सपना पूरा किया।
केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा कि आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से स्वास्थ्य सेवा, टेक्नोलॉजी तक पहुंच, रोजगार के अवसर और औद्योगिक विकास में सुधार हुआ है।
उन्होंने हरियाणा सरकार की पहलों का भी ज़िक्र किया और दावा किया कि लगभग दो लाख युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरी मिली और राज्य ने मेडिकल कॉलेज खोलकर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया।
पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए सैनी ने आरोप लगाया कि युवाओं, किसानों और महिलाओं से किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा सभी 24 अधिसूचित फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करता है, फसल के नुकसान के लिए मुआवजा देता है और महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों की सेवा करने का मौका तलाश रही है और भरोसा जताया कि पंजाब अपना पुराना गौरव फिर से हासिल करेगा।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


