तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: आठ महीने की गर्भवती गृहिणी ने टीवीके के टिकट पर जीत दर्ज की
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: आठ महीने की गर्भवती गृहिणी ने टीवीके के टिकट पर जीत दर्ज की
चेन्नई, छह मई (भाषा) तमिलनाडु में हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में थिरु वी का नगर सीट पर जीत दर्ज करने वाली टीवीके उम्मीदवार एमआर पल्लवी सुर्खियों में हैं।
आठ महीने की गर्भवती पल्लवी (36) ने थिरु वी का नगर सुरक्षित सीट पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता केएस रविचंद्रन को 22,333 मतों के अंतर से हराया। पल्लवी ने कक्षा 12 तक की पढ़ाई की है।
अभिनेता-नेता विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने पल्लवी की गर्भावस्था के बावजूद उनके जज्बे और जुझारु व्यक्तित्व को देखते हुए उन्हें टिकट देने का फैसला किया।
पल्लवी भी पार्टी के भरोसे पर खरी उतरीं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर वोट मांगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक मौके पर वह बेहोश भी हुईं, लेकिन ठीक होने के बाद उन्होंने प्रचार जारी रखा।
जीत के बाद से पल्लवी ने मीडिया से बात नहीं की है, क्योंकि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। पल्लवी के पति राजेश ने बताया कि डॉक्टरों ने उनसे (पल्लवी) 20 मई के आसपास अस्पताल में भर्ती होने के लिए कहा है। पल्लवी और राजेश अपनी दूसरी संतान के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित किए गए। राज्य में पहली बार चुनावी राजनीति में किस्मत आजमाने वाली टीवीके 108 सीट पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। निवर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रमुक को 59 सीट, जबकि विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) को 47 सीट पर जीत हासिल हुई।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पल्लवी जैसे उम्मीदवारों की जीत तमिलनाडु के सियासी परिदृश्य में संभावित बदलाव का संकेत देती है, जिसमें मतदाता एक नयी पार्टी और गैर-पारंपरिक पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों का समर्थन कर रहे हैं।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश

Facebook


