तमिलनाडु : कुन्नम बस अड्डा पर वीसीके और द्रमुक समर्थकों के बीच झड़प
तमिलनाडु : कुन्नम बस अड्डा पर वीसीके और द्रमुक समर्थकों के बीच झड़प
पेराम्बलुर (तमिलनाडु), 26 मई (भाषा) कुन्नम बस अड्डे पर मंगलवार को अलग-अलग विरोध प्रदर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हुए विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सदस्यों के बीच झड़प हो गई और दोनों पार्टियों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए पहले दोनों पार्टियों को विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ता बस अड्डे के पास एकत्र हो गए।
विदुथलाई चिरुथाइगल काची (जो नवगठित टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हो गई है) और उसकी पूर्व सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के बीच हुई इस हिंसक झड़प में कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए झड़प करने वाले सदस्यों को अलग किया और उन्हें मौके से तितर-बितर किया।
अधिकारी ने बताया कि दोनों पार्टियों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और कुछ लोगों के बीच हाथापाई होने से तनाव बढ़ गया।
सरकार गठन के दौरान टीवीके को समर्थन देने के बाद वीसीके द्वारा मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली कैबिनेट में शामिल होने के बाद से दोनों पार्टियों के बीच टकराव है।
द्रमुक के उपमहासचिव ए राजा ने वीसीके की आलोचना करते हुए उसकी तुलना आंगन के उस झुके हुए नारियल के पेड़ से की जो अपने कोमल नारियल घर के बजाय पड़ोसी को देता है।
वीसीके ने पलटवार करते हुए कहा कि द्रमुक को भी गठबंधन से लाभ हुआ है और वीसीके ने उसे कई विधानसभा क्षेत्रों में जीत दिलाने में मदद की है।
हिंसा के बीच राजा ने अपने पार्टी सदस्यों से आगे किसी भी तरह की झड़प से बचने की अपील की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘रचनात्मक बहस लोकतंत्र की आधारशिला है। झड़पें और हाथापाई न केवल लोकतंत्र के विरुद्ध हैं बल्कि मूर्खतापूर्ण भी हैं। आइए हिंसा से बचें और गरीबी पर विजय प्राप्त करें, जैसा कि हमारे नेता एम. करुणानिधि ने हमेशा जोर दिया है।’’
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


